देर रात्रि बारिश में लाइट जला कर चलते वाहन।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
नए साल में मौसम ने अचानक करवट बदली है। रविवार की सुबह से शाम तक शहर में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। शाम को झमाझम बारिश, गलन और सर्द हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। धूप नहीं निकलने से आमजन के लिए और मुश्किलें खड़ी हो गई है। लोग सर्दी से बचने के लिए कई जतन कर रहे हैं। शाम को बारिश के चलते सड़कों पर सन्नाटा छा गया। घरों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव के सहारे लोगों ने सर्दी से निजात पाने की कोशिश की।
पहाड़ों पर हो रही बर्फवारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिख रहा है। कई दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी था। सर्दी का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। रविवार सुबह आसमान में बादल छाये रहे। इसके साथ रिमझिम बारिश की शुरुआत हुई। पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहे। बारिश का क्रम रुक-रुककर जारी रहा।
शाम को घने बादल छाने के बाद खूब बारिश हुई। सर्द हवाओं व गलन से कड़ाके की सर्दी और बढ़ गई। सर्दी से बचने के लिए लोगों को हीटर ब्लोअर और अलाव की मदद लेनी पड़ी। बारिश के कारण लोग घरों में कैद रहे। इस कारण लोग रविवार की छुट्टी का आनंद भी नहीं ले सके। सर्दी बढ़ने से संक्रामक बीमारियां भी पांव पसार रही हैं। चिकित्सकों के यहां लाइन लग रही है। झमाझम बारिश से शहर के रमनपुर, कैलाश नगर, नवीपुर, लाला का नगला, नाई का नगला आदि इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई।