हाथरस। ईद-उल-फितर गुरुवार को मनाई जाएगी। इससे पूर्व बुधवार शाम को चांद नजर आने के बाद मुबारकबाद का दौर शुरू हो गया। मुस्लिम इंतजामियां कमेटी के सदर हाजी रिजवान अहमद कुरैशी और जनरल सेक्रेटरी कुर्बान अली शहजादा के अनुसार ईद की नमाज ईदगाह मुरसान गेट पर गुरुवार की सुबह 8:15 बजे नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने नमाजियों से समय पर ईदगाह पहुंचने और नमाज पढ़ने के लिए साफ चादर और जानमाज साथ लाने की अपील की है।
ईद को लेकर मुस्लिम बस्तियों में रातभर काफी चहल-पहल रही। हर कोई ईद की तैयारी में जुटा रहा। महिलाएं भी ईद पर घर आने वाले मेहमान और दोस्तों के लिए लजीज पकवान बनाने की पूरी दिन तैयारी करती रहीं। घरों की साफ-सफाई के साथ-साथ सजावट भी की गई। लोगों ने अपने घरों को चमाचम करने के बाद आकर्षक विद्युत झालरों से भी सजाया। बुधवार की शाम आसमान में चांद देखने के लिए लोग अपने घरों की छतों पर एकत्रित हो गए और चांद का दीदार किया। देर शाम से ईद मुबारक कह कर गले मिलने का सिलसिला शुरू हो गया।
ईद से पूर्व ग्राहकों से गुलजार रहे बाजार
हाथरस। ईद को लेकर शहर के रामलीला मैदान, बागला मार्ग, बैनीगंज, कमला बाजार, सरक्यूलर रोड, मुरसान गेट, घंटाघर, सासनी गेट, मोती बाजार, सराफा बाजार सहित शहर के तमाम बाजारों में सुबह से शाम तक खूब भीड़ रही। महिलाओं ने कॉस्मेटिक सामान के साथ-साथ आर्टिफिशियल ज्वैलरी की भी खूब खरीदारी की गई। परचून की दुकान पर सेंवई और परचून के सामान की भी अच्छी दुकानदारी हुई। बाजारों में ग्राहकों की अच्छी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे।
कौमी, सियासी संगठन लगाएंगे कैंप
ईद की नमाज के दौरान कौमी और सियासी संगठनों द्वारा मुरसान गेट ईदगाह के बाहर शिविर लगाए जाएंगे। नमाज के बाद इन संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नमाजियों से गले मिलकर उन्हें ईद की मुबारकवाद देंगे। इन शिविरों के लिए भी ईदगाह के बाहर टेंट-तंबू गढ़वा दिए गए।
मुरसान में ईदगाह का किया निरीक्षण
हाथरस। ईद-उल-फितर की नमाज को लेकर मुरसान रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित ईदगाह पर एसडीएम सदर केपी सिंह तोमर व सीओ सिटी प्रीति सिंह ने निरीक्षण किया। एसडीएम ने मुरसान थाना प्रभारी को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर चेयरमैन देशराज सिंह, चौ. हकीम कुरैशी, साविर हुसैन, रूपकिशोर, रतिभान चौधरी, वंशीधर शर्मा आदि शामिल थे।