समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने रविवार को बिसावर में निर्माणाधीन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का औचक निरीक्षण किया। इस संस्थान का निर्माण पांच साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इसे लेकर सुमन ने वर्तमान सरकार पर अखिलेश सरकार के समय के कामों को जानबूझ कर लटकाने और उनके प्रति उदासीनता बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अखिलेश सरकार में तत्कालीन सपा विधायक देवेंद्र अग्रवाल के प्रयास से मुख्यमंत्री ने कस्बा बिसावर में आईटीआई के लिए स्वीकृति दी थी और इसके निर्माण के लिए सात करोड़ 77 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत किया था।
2016 में अखिलेश यादव ने संस्थान के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की पहली किस्त भी अवमुक्त कर दी, लेकिन उसके बाद 2017 में सरकार बदल गई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की दूसरी किस्त भी अवमुक्त कर दी गई, लेकिन ढाई करोड़ रुपये खर्च होने के बाद पांच साल बाद भी बिसावर में आईटीआई का निर्माण आज तक पूरा नहीं हो सका है।
उन्होंने बताया कि इस भवन का निर्माण निर्माण निगम के द्वारा कराया जा रहा है। सुमन ने मौके पर फोन पर भवन का निर्माण कर रहे ठेकेदार से भी बात की। ठेकेदार ने उन्हें बजट न मिलने की बात बताई।
इस मौके पर सपा जिला महासचिव जैनुद्दीन चौधरी, विपिन यादव, पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह, चौधरी विजेंद्र सिंह, एलएस ठकराल, गौरीशंकर बघेल, शंकरपाल, अवधेश चौधरी, सत्येंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, वरुण चौधरी, बच्चू सिंह, अजित सिंह, पवन नागर आदि थे।