सिकंदराराऊ तहसील के सभागार में होती दवा विक्रेताओं की बैठक। संवाद
- फोटो : Samvad
नगर में दो स्थानों पर प्रतिबंधित कोडिन फास्फेट सिरप की खाली शीशियां मिलने के मामले में सोमवार को तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी संजय कुमार, औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा एवं कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने दवा विक्रेताओं के साथ बैठक की। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और औषधि विभाग इस मामले के खुलासे के करीब पहुंच गए हैं।
बैठक में एसडीएम ने दवा विक्रेताओं से कहा कि उन्हें अपना कारोबार ड्रग एक्ट के हिसाब से करना चाहिए। शेड्यूल एच-1 की जो दवाएं हैं, उनका लेखा-जोखा रखना चाहिए। इसके साथ साथ टीबी की दवाओं की बिक्री का लेखा-जोखा रखें और इसकी सूचना लिखित में उचित समय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित डॉट केंद्र पर दें।
अधिकारियों ने कहा कि इस बात पर पूरा भरोसा है कि इन खाली शीशियों को फेंकने में किसी दवा विक्रेता का हाथ नहीं हो सकता। कुछ लोग अराजकता फैलाने के लिए इस तरह के कृत्य को अंजाम दे रहे हैं।
उन्हें शीघ्र चिन्हित किया जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित माहेश्वरी व निशांत सहाय ने कहा कि स्थानीय दवा विक्रेता नियमों के अनुसार कार्य करते हैं और ड्रग एक्ट के मुताबिक अनिवार्यताएं पूरी करते हैं। अधिकारियों ने कहा कि कोडिन की शीशियां फेंकने वाले की सूचना देने वाले का नाम-पता गुप्त रखा जाएगा।