स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षक अब जिले में स्वास्थ्य कर्मियों को हार्ट अटैक वाले मरीजों के उपचार के लिए प्रशिक्षित करेंगे। इनका पहला काम होगा स्थिति की गंभीरता को जांचना। इसके लिए ईसीजी पढ़ना भी सिखाया जाएगा। इसी आधार पर मुफ्त इंजेक्शन लगाया जाएगा।
हार्टअटैक के मरीजों को जिला अस्पताल व सीएचसी में जीवन रक्षक इंजेक्शन मुफ्त मिलेगा। जिले में हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं है और न ही हृदय रोग के मामले में कोई पैरामेडिकल स्टाफ प्रशिक्षित है। इस स्थिति को भांपते हुए पिछले सप्ताह आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया था।
इस कार्यक्रम का नाम हृदय सेतु स्टेमी केयर था। हाथरस से एसीएमओ डॉ. मधुर, डिप्टी सीएमओ डाॅ. एमआई आलम, फिजीशियन डाॅ. वरुण चौधरी, ईजीसी टेक्नीशियन व एक स्टाफ नर्स गईं थीं। ये चिकित्सक व स्टाफ जिला अस्पताल व सभी सीएचसी के स्टाफ को प्रशिक्षण देंगे।
एसीएमओ डाॅ. मधुर ने बताया कि इन्हें इंजेक्शन के बारे में बताया गया था। साथ ही ईसीजी की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि स्टाफ ईसीजी की रिपोर्ट को एसएन मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विशेषज्ञों को व्हाट्स एप करेंगे। इसके लिए जिले का व्हाट्एप ग्रुप भी बनाया जाएगा।