समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये कथन बिल्कुल झूठ है कि उन्होंने अमेरिका के दवाब में युद्धविराम नहीं किया था। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना जीती और मोदी हारे।
सुमन ने कहा कि ट्रंप ने एक बार नहीं, बल्कि 29 बार कहा है कि हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम उन्हीं के कारण हुआ है। उन्होंने कहा कि 10 मई को युद्ध विराम हुआ और 12 मई को नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को संबोधित किया था।
उन्होंने अपने संदेश में वह ये स्पष्ट कर सकते थे कि युद्धविराम ट्रंप के दवाब में नहीं हुआ और ट्रंप झूठ बोल रहे हैं, किंतु वस्तुस्थिति यह है कि हमने अमेरिका के हाथों अपनी प्रतिष्ठा को गिरवी रख दिया है। देश की जनता और भारतीय सेना यह चाहती थी कि आतंकवादी देश पाकिस्तान से इस बार अंतिम रूप से निपट लिया जाए। मोदी ने युद्ध विराम उस वक्त किया, जब देश की सेनाओं का शौर्य अपने शबाब पर था।