आयकर विभाग की टीमों ने बुधवार की सुबह शहर के दो रंग कारोबारी बंधुओं राम बिहारी अग्रवाल और रतन बिहारी अग्रवाल के आवासों और फैक्टरियों पर एक साथ सर्वे की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान बड़ी संख्या पुलिस बल तैनात रहा। देर रात तक कार्रवाई जारी थी।
रामबिहारी अग्रवाल का तोता और रतन बिहारी अग्रवाल का मुर्गा ब्रांड के नाम से रंग का बड़ा कारोबार है। आयकर विभाग की अलीगढ़, मथुरा, नोएडा आदि स्थानों से टीमें बुधवार सुबह पांच बजे रोडवेज बसस्टैंड के निकट श्रम कार्यालय पर एकत्र हुईं और यहां से अलग-अलग स्थानों के लिए रवाना हुईं। घासमंडी स्थित तोता और मुर्गा ब्रांड रंग के कारोबारी की फैक्टरी, सादाबाद गेट स्थित सब्जी मंडी में आवास, आरबी कलर्स, राधाकृष्ण कलर भवन, राधा रंग रसायन आदि पर कार्रवाई शुरू कर दी।
इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान न तो किसी को अंदर जाने दिया गया और न ही किसी को बाहर आने दिया गया। शहर के कलवारी रोड स्थित फैक्टरी चावड़ गेट, सलेमपुर औद्योगिक आस्थान सहित छह स्थानों पर सर्वे जारी रहा। इससे शहर के कारोबारियों में खलबली मची रही। व्यापारी एक दूसरे से कार्रवाई के बारे में जानकारी करने में जुटे रहे। कार्रवाई पर आयकर अधिकारी चुप्पी साधे थे और इसे रुटीन कार्रवाई बताते हुए कुछ बोलने से बच रहे थे। संवाद