हाथरस : अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को ज्ञापन देते सभासद। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पालिका के सभासद नवागत ईओ से मिले और यह शिकायत की कि शासन से मिलने वाली ग्रांटों में काफी भ्रष्टाचार किया गया है। इसी वजह से सभासदों को आय व्यय की सही जानकारी नहीं दी जा रही। सभासद नारायणलाल ने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचार छिपाने की कोशिश की गई तो नगर पालिका में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा।
सभासद दल के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सभासद दल ने अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सभासद दल ने कई बार वित्तीय वर्षोँ में विभिन्न मदों से प्राप्त आय व विभिन्न मदों में खर्च किए गए विवरण की मांग की थी। इसके लिए पत्र भी दिए गए, लेकिन सात माह बाद भी नगर पालिका परिषद के आय एवं व्यय का विवरण नहीं दिया गया है।
बोर्ड की बजट बैठक व मासिक बैठक में भी आय व व्यय का विवरण नहीं रखा जा रहा है। इससे आशंका है कि नगर पालिका परिषद में विभिन्न पटलों पर कार्यरत लिपिकों व कर्मचारियों द्वारा पालिका को मिलने वाली ग्रांटों में काफी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। सभासदों ने ईओ से मांग की कि वह इस आय-व्यय का विवरण सात दिन में उपलब्ध करा दें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो पालिका में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा।