सब्जी मंडी में चेयरमैन से अतिक्रमणकारियों की तीखी झड़प, हंगामा
सादाबाद में नगर पंचायत ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। सादाबाद में अतिक्रमणकारियों केे हौंसले बुलंद हैं। हालात ये हैं कि राहगीरों के लिए बनाई गई पटरियों पर दुकानें चल रही हैं और दुकानों को गोदाम बना दिया गया है, जिस वजह से रास्ते संकरे हो गए हैं। ऐसे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ शनिवार को नगर पंचायत ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान चेयरमैन रविकांत अग्रवाल से सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं से तीखी झड़प और नोंकझोंक हो गई, जिसके बाद मौके पर जेसीबी और ट्रेक्टर से अतिक्रमण को हटा दिया गया। अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई।
गौरतलब हो कि नगर का मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, निरंजन बाजार, सुभाष गली, आगरा चुंगी आदि इलाके अतिक्रमण की गिरफ्त हैं। दुकानदारों ने तख्त और तिरपाल डालने के अलावा बाहर सामान रखकर अवैध अतिक्रमण कर रखा है। यही नहीं कई दुकानदारों ने तो सड़कों की पटरियों को ही किराए पर उठा दिया है। वह अपनी दुकानों के आगे ढकेल आदि लगवाकर महीनेदारी वसूल रहे हैं। ऐसे में कई फुट चौड़े बाजार सिकुड़ कर रह गए हैं। कई बार दी गई चेतावनी के बाद भी अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।
शनिवार को चेयरमैन रविकांत अग्रवाल और ईओ लल्लनराम यादव के नेतृत्व मेें अभियान की शुरूआत की गई। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को सड़कों से सामान हटाकर दुकानों के अंदर लगाने की चेतावनी दी गई। अतिक्रमण की जद में आ रहे तख्त और तिरपाल को हटाने के लिए कहा गया। सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं ने सड़कों पर ही दुकान लगा रखी थीं, चेयरमैन के कहने के बाद भी इन्होने अपने फड़ व स्टॉल वहां से नहीं हटाए, जिसके बाद चेयरमैन और सब्जी विक्रेताओं में तीखी झड़प हो गई। बाद में जेसीबी मंगाकर अतिक्रमण को साफ करा दिया गया।
इसके बाद गुणेश द्वार से लेकर आगरा चुंगी तक चेयरमैन और ईओ ने अतिक्रमण कारियों को अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दी। चेयरमैन ने खुद फीता लेकर नाप तौल की, जिसके बाद अतिक्रमण की जद में आ रहे सामान, तख्त आदि को हटवाया गया। पटेल मार्केट में बरामदे को घेरे जाने पर भी चेयरमैन ने आपत्ति जताई। ईओ लल्लनराम यादव ने चेतावनी दी कि इस बार तो चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है, लेकिन अगली बार जेसीबी के जरिए सभी अस्थायी, स्थायी अतिक्रमण को ढहा दिया जाएगा। इस मौके पर अनुपम गुप्ता, किशोर जैसवाल, वीरेंद्र चौहान, दिलीप कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।
कई जगह पकड़ी पॉलीथिन
सादाबाद। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई दुकानों, ढकेलों व स्टॉलों से पॉलीथिन को भी जब्त कर लिया गया। करीब छह से अधिक दुकानों पर पॉलीथिन पकड़ी गई, जिसके बाद इन दुकानदारों पर जुर्माना लगाए जाने की कार्रवाई की गई। ईओ लल्लनराम ने पॉलीथिन का उपयोग बंद कर देने का आह्वान किया।