हाथरस। स्थानीय निकाय क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के मतदान में अब सिर्फ तीन दिन बचे हैं। प्रत्याशियों के सामने बहुमत जुटाने के लिए करो या मरो के हालात हैं। लिहाजा सदस्यों की धर-पकड़ का खेल भी तेज हो गया है। हाल ही में चंदपा और उसके बाद सादाबाद के गांव गढ़ी गुमानी में बीडीसी सदस्यों को उठाने की की कोशिश के मामलों ने राजनीति के इस गंदे खेल को बेनकाब भी कर दिया है, लेकिन पुलिस-प्रशासन इस खेल को रोकने में नाकाम ही साबित हो रहा है। अगले तीन दिन सरकारी तंत्र के लिए और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण होंगे। उसके सामने सदस्यों की धर-पकड़ और खरीद-फरोख्त के खेल में लगे प्रत्याशियों और उनके एजेंटों को रोकने की चुनौती है। धर-पकड़ के इस खेल ने सदस्यों और उनके परिजनों की चिंता भी बढ़ा रखी है। वह इस दहशत में चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं कि कहीं किसी प्रत्याशी के लोग आकर उनको जबरिया उठा नहीं ले जाएं। वह पुलिस-प्रशासन से हिफाजत की गुहार लगाते-लगाते परेशान हैं, लेकिन प्रशासनिक तंत्र उनकी मदद करने में लाचार बनकर बैठ गया है। प्रशासनिक लाचारी का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि चंदपा में बीडीसी सदस्य को अगवा करने की कोशिश के मामले में तो अभी तक मुकदमा तक दर्ज नहीं हुआ। यही वजह है कि धर-पकड़ करने वालों का हौसला बुलंद है और वह बेखौफ होकर अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। बहुमत का आंकड़ा पूरा करने के लिए प्रत्याशी और उनके एजेंट कुछ भी करने को तैयार हैं। एक-एक सदस्य के घर जाकर उन पर डोरे डाले जा रहे हैं। उन्हें किसी भी तरह अपने पाले में लाने की कोशिश चल रही है।
882 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोगजिला प्रशासन भी मतदान के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। जिले में प्रशासन ने कुल आठ मतदान केंद्र बनाए हैं, जबकि पहले नौ मतदान केंद्रों पर वोटिंग होनी थी। नगर पंचायत पुरदिलनगर के बूथ को खत्म कर दिया गया है। यहां के मतदाता अब सिकंदराराऊ ब्लॉक पर ही वोट डाल सकेंगे। इसके अलावा नगर पालिका हाथरस, मुरसान ब्लॉक, मेंडू नगर पंचायत, सासनी ब्लॉक, सिकंदराराऊ ब्लॉक, हसायन, सादाबाद और सहपऊ ब्लॉक में भी मतदान कराया जाएगा। हाथरस जिले के कुल 882 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।