गाड़ी से बरामद की अवैध बीयर, शराब, दो गिरफ्तार
ढाबे का मालिक सभासद फरार, हरियाणा से लाई गई थी शराब
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सिकंदराराऊ। आबकारी विभाग की टीम और कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की रात को कासगंज रोड स्थित सोरों जी ढाबे पर खड़ी एक गाड़ी से बीयर और शराब का जखीरा पकड़ा है। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ढाबा मालिक नगर पालिका का सभासद भाग जाने में सफल रहा। सभी को विभिन्न धाराओं के तहत चालान कर जेल भेजा गया है। बरामद शराब हरियाणा प्रांत की है।
कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि देहरादून में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस अधीक्षक एसएस मीणा के निर्देश पर शराब को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक गाड़ी से अवैध रूप से शराब लाकर सोरों जी ढाबे पर उतारी जाएगी। जहां से इसे प्रतिदिन बेचा जाएगा। यहीं पर शराब में मिलावट का काम भी होता है।
सूचना पर आबकारी विभाग के संजय कुमार चंद्रा, श्रीराम एवं कसबा पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह, कांस्टेबल अरविंद कुमार ने रात पौने नौ बजे छापा मारा तो ढाबे पर जायलो गाड़ी से पेटियां उतारी जा रही थीं। पास जाकर देखा तो पाया कि पेटियां बीयर और शराब की थीं। ढाबे पर लगभग छह पेटी अंग्रेजी शराब, कई पेटी बीयर और देसी शराब की पेटियां बरामद र्हुइं। मौके से ओमवीर पुत्र मिट्ठूलाल मोहल्ला नौखेल, रामप्रकाश पुत्र सोरन सिंह निवासी मोहल्ला नौखेल को गिरफ्तार कर लिया। ढाबे का मालिक नगर पालिका सभासद सतेंद्र उर्फ लल्ला यादव भाग जाने में सफल रहा।