हर माह औद्योगिक इकाई का बिल जमा नहीं किया तो खत्म होगा कनेक्शन
बिजली निगम के एमडी ने अफसरों को दिए हर माह बिल लेने के निर्देश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। हर माह औद्योगिक इकाई का व्यापारी बिल जमा नहीं करेंगे तो उनका कनेक्शन विभाग द्वारा काटने के साथ खत्म किया जाएगा। निगम के एमडी ने सोमवार को मीटिंग के दौरान बिजली अफसरों को बिजली बिल वसूलने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बिजली चोरी पर अंकुश लगाने की बात कही है।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे का उद्योगों पर करोड़ों रुपये का बकाया पड़ा हुआ है। तमाम कोशिशों के बावजूद बकाया हाथ नहीं लग रहा है। अब निगम के अफसरों की औद्योगिक इकाइयों पर टेढ़ी निगाह है। सोमवार को आगरा में निगम के एमडी एसके वर्मा ने बिजली अफसरों संग मीटिंग की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पांच किलोवाट और दस किलोवाट से वाले कनेक्शन धारकों से हर माह बिजली का बिल लिया जाए। जो लोग बिजली बिल हर माह जमा नहीं कर रहे हैं, उनके कनेक्शन काटने के साथ कनेक्शन को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो जिले के 289 औद्योगिक इकाइयों पर अच्छा खासा बकाया है। निगम के एमडी के आदेश के बाद अब बिजली अधिकारियों ने जेई को लक्ष्य भी दे दिए हैं। इस मामले में एक्सईएन टेस्ट एके रुहेला का कहना है कि पांच व दस किलोवाट वाले बकाएदारों से बिल वसूलने के निर्देश मीटिंग में दिए गए हैं। यदि वह बिल जमा नहीं करते है तो उनके कनेक्शन खत्म किए जाने की बात कही है।