पहले बिजली की चपेट में आने से पति को खोया, फिर हादसे में खुद 80 फीसदी शरीर झुलस गया। अब छह साल के बेटे और आठ साल की बेटी के पालन-पोषण से लेकर अपने इलाज तक के लिए दूसरों पर निर्भर डौली देवी की पीड़ा ने बुधवार को कलक्ट्रेट में अधिकारियों को झकझोर दिया।
जलेसर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी डौली देवी ने जनता दर्शन में डीएम को बताया कि पति की मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। गंभीर रूप से झुलसने के कारण वह अपना दैनिक जीवन भी मुश्किल से गुजार पा रही हैं। बच्चों के भविष्य की चिंता ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला कल्याण विभाग को दोनों बच्चों का मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत पंजीकरण कराने और परिवार को पात्रता के अनुसार पेंशन, आवास व चिकित्सा सहायता सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा।