कौन बनेगा सीएम टीवी शो में होता हंगामा।
- फोटो : amar ujala
नगर के मोहल्ला बारहसैनी बगिया में रविवार दोपहर में एक निजी टीवी चैनल का कार्यक्रम ‘कौन बनेगा सीएम’ राजनीतिक नेताओं की नारेबाजी और हंगामे की भेंट चढ़ गया। हंगामा ज्यादा हुआ तो शो बंद करना पड़ा। काफी देर तक नारेबाजी हंगामे का माहौल रहा। कोतवाली से पुलिस और पीएसी तक मौके पर पहुंच गई।
भाजपा के नगर अध्यक्ष उपेंद्र वार्ष्णेय, सपा प्रत्याशी यशपाल सिंह चौहान, बसपा प्रत्याशी बनीसिंह बघेल के न आने पर बसपा जिलाउपाध्यक्ष आशीष दीक्षित, कांग्रेस हरेंद्र सेंगर, राष्ट्रवादी प्रताप सेना के प्रत्याशी चंद्रेश सेंगर, समेत व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन वार्ष्णेय को बुलाया गया। टीवी एंकर सवाल जवाब के साथ जनता से भी बात कर रहे थे।
बिजली से लेकर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, अपराधों में बढ़ोतरी के संबंध में जनता के तीखे आरोपों की सफाई संबंधित नेताओं से मांग रहे थे। बीच-बीच में ऑडियंस हूटिंग भी कर रहे थे। हूटिंग के दौरान यकायक नारेबाजी का दौर चल पड़ा, देखते ही देखते सभी अपनी पार्टियों के पक्ष में नारेबाजी करने लगे।
नारेबाजी के दौरान आस्तीनें भी ऊपर चढ़ने लगी। आरोप प्रत्यारोप का दौर चल पढ़ा। हालात काबू से बाहर जाता देख जल्दी से शो बंद करना पड़ा। कोतवाली को खबर पहुंचते ही दरोगा विपिेन यादव ने पीएसी बुला ली। काफी देर बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान सज धज के पहुंचे कई राजनीतिज्ञों को बैरंग लौटना पड़ा।