मकान, दुकानों में घुसा बारिश का पानी, पेड़ और पोल हुए धराशायी
सादाबाद में करीब दो घंटे की बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। मानसून की बारिश का दौर जारी रहा। सोमवार की शाम आसमान में छाए बादल जमकर बरसे। तेज हवा के साथ आई बारिश की वजह से कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए तो कई जगह विद्युत पोल धराशायी हो गए। नगर के कई इलाकों में जलभराव से हालात बद से बदतर हो गए। सब्जी मंडी, सुभाष गली आदि इलाकों में दुकानों और घरों में पानी घुस गया। इस वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सादाबाद में करीब दो घंटे तक पड़ी बारिश ने नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के पानी से नाले नाली उफन आए। नालों की गंदगी सड़कों पर आ गई, जिस वजह से कीचड़ और बदबू से लोगों का बुरा हाल हो गया। सुभाष गली, नई बस्ती, मुकेरखाना, सब्जी मंडी रोड, आगरा रोड, मथुरा रोड, मुरसान रोड, मौहल्ला भगवती नगर, रतनपुरी आदि में भी जलभराव से हालात बिगड़ गए। लोगों के घरों, दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। बारिश के इस भयावह रूप को देखते हुए लोग घर, दुकान में सामान को बचाने की कोशिशों में जुटे रहे। कई दुकानदार हाथ में झाडुू लेकर पानी को बाहर निकालते रहे।
बारिश की वजह से राहगीरों, वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दुपहिया वाहन पानी भर जाने की वजह से बीच रास्ते में ही बंद हो गए, जिस वजह से धक्का लगाकर वाहनों को जलभराव से बाहर निकाला गया। बारिश थमने के बाद ही लोगों को जलभराव से मुक्ति मिल सकी। नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों में रोष दिखाई दिया।