हिमाचल पुलिस ने मोहल्ला खातीखाना में दी दबिशें, हंगामा
शहर के एक व्यापारी पर है एक कंपनी का करीब आठ लाख रुपये का माल हड़पने का आरोप
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला खातीखाना में गुरुवार को हिमाचल प्रदेश की पुलिस ने एक व्यापारी के यहां दबिश दी। इस व्यापारी पर हिमाचल प्रदेश की एक कंपनी के आठ लाख रुपए हड़प ने का आरोप है। यहां पर पुलिस के साथ कंपनी के लोग भी आए हुए हैं। वहां इस दौरान खासा हंगामा भी हुआ।
खातीख़ाना में एक व्यापारी का पाइप का व्यापार है। बताते हैं कि उसने जुलाई 2017 में विशाल इंटरप्राइजेज पोंटा साहेब थाना माजरा जनपद सरमोर हिमाचल प्रदेश से 15 लाख रुपए का माल मंगवाया था। उक्त व्यापारी ने कंपनी को करीब सवा सात लाख रुपये का पेमेंट भी किया था। शेष पेमेंट को बाद में करने के लिए कंपनी को कहा था। आरोप है कि उक्त व्यापारी ने दो साल बाद भी अभी तक शेष पेमेंट करीब पौने आठ लाख रुपये का भुगतान कंपनी को अभी तक नहीं किया है।
बताते हैं कि इस पर उक्त व्यापारी के खिलाफ थाना माजरा जनपद सरमोर में मुकदमा भी कायम कराया गया। इसी मुकदमे के तहत कंपनी के कॉमर्शियल हेड अजय शर्मा अपनी टीम और हिमाचल पुलिस के साथ हाथरस पहुंचे और कोतवाली सदर में पूरे मामले की जानकारी दी।
इसके बाद यह लोग उक्त व्यापारी की फर्म पर पहुंचे। आरोप कि यहां पर उसके परिजनों ने इन लोगों के साथ अभद्रता की। इस पर हंगामा भी हुआ। कोतवाल प्रवेश राणा का कहना है कि हिमाचल प्रदेश की एक कंपनी का खातीखाना निवासी उक्त व्यापारी पर करीब पौने आठ लाख रुपए का पेमेंट बता रही है। इस मामले में उसके खिलाफ 406 का मुकदमा भी दर्ज है। उसी की तलाश में हिमाचल प्रदेश पुलिस यहां आई है।