मथुरा, हाथरस और एटा जनपद को जोड़ने वाले हाईवे का निर्माण कार्य तेज रफ्तार से पूरा हो रहा है। इसको हाईवे-122 नाम दिया गया है। मई 2026 तक वाहन इस पर फर्राटा भरने लगेंगे। इस सिंगल लेन हाईवे की कुल लंबाई लगभग 89 किमी है।
तकरीबन 140 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण हो रहा है। हाथरस, जलेसर और एटा में इसकी कुल चौड़ाई लगभग सात मीटर तक है, जबकि मथुरा में इसकी चौड़ाई 10 मीटर तक है।
इस हाईवे का निर्माण पूरा होने से हाथरस, मथुरा, जलेसर, एटा और अवागढ़ तक सपुर करने वालों की परेशानी कम होगी। उनका सफर लगभग सवा घंटे में पूरा हो सकेगा।
यह हाईवे मथुरा जनपद से शुरू होकर हाथरस के सादाबाद क्षेत्र से होते हुए एटा जनपद के जलेसर और अवागढ़ तक जाएगा। हाथरस जिले की सीमा से होकर गुजरने वाले लगभग 28 किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण कार्य करीब 43 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है। मई तक हर हाल में इसका निर्माण पूरा कर दिया जाएगा।