सड़क दुर्घटना के दौरान आमजन पीड़ितों की करें मदद: डीएम
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में दुर्घटनाओं को रोकने व कम करने पर विचार हुआ।
डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटना के दौरान आमजन पीड़ित व्यक्ति की मदद बेहिचक करे। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) नीतू सिंह ने बताया कि 11 अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक द्वितीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले माह जागरूकता के तहत किए गए कार्यक्रमों से दुर्घटना में मरने वाले तथा घायलों की संख्या में दो प्रतिशत की कमी आयी है। दस वर्ष पुराने डीजल इंजन वाले वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जनसामान्य को यातायात नियमों, सीट बेल्ट तथा हेलमेट पहनने से बचाव का प्रचार प्रसार समाचार पत्रों, टीवी चैनलों तथा होर्डिंग्स के माध्यम से किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान स्कूल, कॉलेजों तथा सामाजिक संस्थाओं में जागरूकता के कार्यक्रम जैसे गोष्ठी सेमिनार आदि का प्रतिदिन आयोजन कराने के निर्देश दिए। शहरी क्षेत्रों के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों की स्कूल बसों का नियमित रूप से चेक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारी से ब्लैक स्पॉट पर की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी ली और फोटोग्राफ व रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। बैठक में एडीएम डा. अशोक कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी बृजेश राठौर, जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी हरीश, एआरटीओ प्रवर्तन लालाराम आदि थे।