हाथरस में आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।
हाथरस में कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रहने के बाद अब एक बार फिर गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 9 मई को सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण दोपहर तक तापमान तेजी से बढ़ा और पारा 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
विज्ञापन
दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कुछ कम दिखाई दी। तेज धूप से बचने के लिए लोग सिर ढंककर और छांव का सहारा लेकर निकलते नजर आए। पिछले कुछ दिनों से बारिश और बादल छाए रहने के कारण गर्मी से राहत थी, लेकिन अब आसमान साफ होने के साथ धूप की तीव्रता बढ़ गई है।
मौसम में आए इस बदलाव से एक बार फिर गर्मी का असर महसूस होने लगा है। हालांकि शाम ढलने के साथ मौसम कुछ नरम हुआ, जिससे लोगों को राहत मिली। सूर्यास्त के बाद हल्की ठंडक और धीमी हवाओं ने दिनभर की गर्मी से कुछ आराम पहुंचाया।
विज्ञापन
आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वयक लेखराज के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।