मौसम में हो रहे बदलाव से हार्ट अटैक से मौतों का सिलसिला बदस्तूर जारी है। बुधवार को सादाबाद निवासी महिला, सहपऊ निवासी बुजुर्ग और हाथरस शहर की लेबर कॉलोनी निवासी युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इधर, जिला अस्पताल में भी हार्ट के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
सहपऊ के मोहल्ला ओझियाना निवासी 88 वर्षीय बुजुर्ग पं. जगन शर्मा की बुधवार की दोपहर को हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनकी मौत से पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। उनके बड़े पुत्र कमल ने बताया कि उनके पिता दोपहर को खाना खा रहे थे। अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्होंने फोन कर निजी चिकित्सक को बुलाया, लेकिन चिकित्सक के आने से पहले ही उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर पाकर उनके आवास पर भीड़ जुट गई। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था।
इधर, सादाबाद कस्बा के मोहल्ला कन्या जूनियर हाईस्कूल निवासी गिरीश शर्मा की 40 वर्षीय पुत्रवधू दीक्षा शर्मा पत्नी सौरभ शर्मा मंगलवार को टेंपो में बैठकर दवा लेने आगरा जा रही थीं तो इस दौरान आगरा में रामबाग के पास दोपहर करीब एक बजे उन्हें टेंपो में ही अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
कोतवाली हाथरस गेट की लेबर कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय शंकरलाल की अचानक हालत बिगड़ गई। यह देखकर परिजन घबरा गए। वह उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उन्हेंं मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने हार्ट अटैक से उनकी मौत की संभावना जताई है।
मौसम में हुए परिवर्तन ने भी हृदय रोगियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सिर्फ बुजुर्गाें ही नहीं, बल्कि युवाओं की भी हार्ट अटैक से मौत हो हो रही है। बागला जिला अस्पताल में प्रतिदिन हृदय और श्वास संबंधी रोगियों की संख्या बढ़ी है। हर दिन 100 से अधिक मरीज इन्हीं बीमारियों से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि कभी तेज धूप तो कभी ठंड पड़ रही है। इस बदलते मौसम में हार्ट रोगियों को बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर बुजुर्गाें को अधिक सर्तक रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया उच्च रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना, मोटापा, धूम्रपान, मधुमेह, तनाव, बैठे रहने की जीवनशैली, अस्वस्थ खानपान, शराब का अत्यधिक सेवन आदि हार्ट अटैक आने के कारण हैं। इनसे बचाव के लिए नियमित रूप से रक्तचाप की जांच करानी चाहिए और संतुलित आहार लेना चाहिए।