जिलाधिकारी डॉ. रमाशंकर मौर्य ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को जिला मुख्यालय पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैैं। डीएम ने कहा है कि देखने में आ रहा है कि कई अधिकारी जिला मुख्यालय पर नहीं रहकर अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कासगंज एवं अन्य जिलों से प्रतिदिन आते-जाते हैं।
यह स्थिति आपत्तिजनक होने के साथ-साथ अत्यंत खेदजनक है और शासन की मंशा के विपरीत है।
डीएम ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जो अधिकारी अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन जिला मुख्यालय पर रहकर नहीं कर रहे हैं, वह तत्काल जिला मुख्यालय पर आवासित होना सुनिश्चित करें और अपने आवास का पूर्ण पता अधोहस्ताक्षरी को तीन दिन में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने इन अधिकारियों को भविष्य के लिए सचेत करते हुए कहा है कि वह बिना उनकी अनुमति के मुख्यालय नहीं छोडे़ं।
यदि अपरिहार्य कारणों से मुख्यालय छोड़ना आवश्यक हो तो अधोहस्ताक्षरी से लिखित अनुमति अवश्य प्राप्त कर लें। यदि भविष्य में कोई भी अधिकारी बिना अधोहस्ताक्षरी की अनुमति के मुख्यालय से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।