संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
बीडीसी सदस्य की बाइक छोड़ने के लिए दो हजार रुपये की मांग करने वाले हेड मोहर्रिर को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसकी शिकायत ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुमंत किशोर सिंह ने एसपी से की थी। थानाध्यक्ष मृदुल कुमार सिंह ने बताया कि हेड मोहर्रिर प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
दरअसल, शनिवार को पुलिस ने बीडीसी सदस्य की बाइक एक होटल के निकट से लावारिस हालत में लाकर कोतवाली में खड़ी कर दी थी। बीडीसी सदस्य जब बाइक लेने कोतवाली गए थे थाने में हेड मोहर्रिर ने बाइक छोड़ने के एवज में दो हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर उन्होंने बीडीसी सदस्य से अभद्रता भी की। इसकी जानकारी बीडीसी सदस्य ने ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुमंत किशोर सिंह को दी।
इसके बाद सुमंत कोतवाली पहुंचे और हेड मोहर्रिर को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने मौके से एसपी को फोन कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। घटना के दौरान ही हेड मोहर्रिर प्रमोद कुमार कोतवाली से गायब हो गए। अब चार दिन बाद एसपी ने मामले में संज्ञान लेते हुए प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।