जिला पंचायत कार्यालय पर बैठक में मंचासीन अधिकारी व जनप्रतिनिधि।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में साल 2016-17 के लिए जिला योजना को सर्वसम्मति से मंजूर कर दिया गया। पीडी ने लेबर बजट और विभागवार मनरेगा का बजट 1470.333 लाख स्वीकृति के लिए सदन के समक्ष रखा, जिसको स्वीकृति दे दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्ष 2016 की कार्रवाई सदन के सामने पढ़कर सुनाई गई, जिसकी सदन ने बहुमत से पुष्टि की। अपर मुख्य अधिकारी हरमीक सिंह ने वर्ष 2016-17 के विकास खंडों से प्राप्त जिला योजना और जिला पंचायत की जिला योजना सदन के समक्ष रखी। इस मौके पर सदन की समितियों में शामिल सदस्यों को शासन की नीति की जानकारी दी। जिले में गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्र में नए हैंडपंप लगवाने एवं पुरानों की मरम्मत कराने आदि के लिए सूची सदन में प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय ने सफाई कर्मियों के सत्यापन की मांग की। बृजमोहन राही ने शमशान घाटों पर टिनशेड आदि की व्यवस्था कराने, प्रदीप कुमार ने हैंडपंप लगवाने, सत्यप्रकाश द्वारा परिषदीय स्कूलों में शौचालय बनवाने, प्रदीप चौधरी ने अनुपस्थित अधिकारियों के बारे में जानकारी मांगी। बैठक में ओमवती यादव सहित अधिकांश जिला पंचायत के सदस्य मौजूद रहे।