हाथरस: क्वांरटीन सेंटर से लाए गए युवक की ट्रैवलिंग हिस्ट्री पूछते बागला जिला चिकित्सालय के सीएम
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हसायन के क्वारंटीन सेंटर में भर्ती युवक को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उसे कई दिनों से बुखार आ रहा है। बुखार में आराम नहीं मिलने के कारण सीएचसी हसायन के डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेजा था। अब यहां उसे आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है।
हसायन के गांव बाण अब्दुलहईपुर निवासी युवक दिल्ली में काम करता था। दिल्ली से 20 मार्च को वह अपनी ससुराल एटा के कस्बा अवागढ़ आ गया था। इस बीच पूरे देश में लॉकडाउन लागू हो गया, जिसके चलते वह दिल्ली नहीं लौट सका। इस दौरान उसके पिता का इंतकाल हो गया। इस कारण वह एक अप्रैल को अपने गांव पहुंचा। गांव पहुंचने पर उसे वहां के स्कूल में क्वारंटीन किया गया। वहां पर उसे कई दिनों से बुखार आ रहा था। दवा खाने के बाद भी उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हो रहा था।
इस बात के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन के चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के लिए रेफर किया। इस पर मंगलवार की रात्रि में उसे यहां लाया गया। बागला जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.आईवी सिंह ने बताया कि हसायन इस युवक को का आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उसकी विदेश से संबंधित कोई ट्रैवलिंग हिस्ट्री नहीं है। फिर भी एहतियात के तौर पर उसे यहां पर रखा गया है। कोरोना वायरस से संबंधित उसमें कोई लक्षण भी नहीं है।