न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ब्याजखोरों द्वारा लोगों को परेशान करने का सिलसिला जारी है। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नवल नगर निवासी एक व्यक्ति ब्याजखोर की धमकी से डरकर दो दिन से लापता है। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। इसे लेकर परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
नवलनगर निवासी अंकित पुत्र वीरेंद्र एक दुकान पर काम करता था। उसे कुछ ब्याजखोरों ने अपने बातों में फंसा लिया और उसे लगभग ढाई लाख रुपये का कर्जा पांच से दस प्रतिशत दर की ब्याज पर दे दिया। इसके बाद उसके जबरन ब्याज का पैसा वसूलने लगे, जबकि एक दुकान पर काम करने के एवज में उसे केवल आठ हजार रुपये महीने मिलते थे, लेकिन कई महीने से वह अपने घर पर ही बैठा था।
अंकित के भाई आलोक ने बताया है कि कई दिनों से उसे ब्याजखोर फोन करके परेशान कर रहे थे। इस बात से तंग आकर 23 अगस्त को वह घर पर अपना मोबाइल छोड़कर कहीं लापता हो गया है। अंकित ने कोतवाली हाथरस गेट कोतवाली में अपने भाई की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।