न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
दुर्घटना में घायल युवक को आगरा ले जाते वक्त उसकी रास्ते में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए।
गांव मलिकपुरा थाना विजयगढ़ अलीगढ़ निवासी इकबाल (24 वर्ष) पुत्र पप्पू और राशिद पुत्र भूरे खां सासनी क्षेत्र के गांव जलालपुर अपनी रिश्तेदारी में आए थे। यहां से लौटते वक्त नानऊ रोड पर खिटौली गांव के निकट सामने से आ रही बाइक से इनकी बाइक की भिड़ंत हो गई थी। इसमें दोनों बाइकों पर सवार युवक घायल हो गए थे। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया।
यहां से इकबाल को गंभीर हालत में अलीगढ़ भेजा गया। यहां पर भी उनकी हालत ज्यादा नाजुक हो गई, जिस पर उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। इस बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजन उसका शव लेकर जिला अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हुआ और फिर परिजन शव लेकर मलिकपुरा चले गए।