सादाबाद: गांव मड़नई में पोल के तार में आए करंट से हुए हादसे में मृतक का फाइल फोटो।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
क्षेत्र के गांव मड़नई में खंभे के अर्थिंग वायर में दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। परिवार वालों में हाहाकार मच गया। युवक को सीएचसी पर भी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, गांव मडनई निवासी रासिक पुत्र भूरे खां दूधिया उम्र करीब 19 साल शुक्रवार को अपने घर के निकट ही लगे विद्युत पोल के पास खड़ा हुआ था, अचानक ही उसका हाथ पोल के अर्थिंग तार की चपेट में आ गया, जिसमें दौड़ रहे करंट से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के चाचा के लड़के फिरोज खान ने बताया कि रासिक सेना की भर्ती की तैयारी कर रहा था और उसने इंटर भी पास कर लिया था। इधर, रासिक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। मृतक के घर पर भी काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल भी पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।