न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना से बचाव के लिए बुधवार को जिले भर में 82 बूथों पर टीकाकरण कार्यक्रम चला। यहां 18 से 44 वर्ष के 948 लोगों को टीका लगाया गया। जबकि 45 से अधिक उम्र वाले 1351 को कोरोना का टीका लगाया गया। सीएमओ ने सिकंदराराऊ सीएचसी पर दस लोगों को टीका लगाए। जिले के सीएचसी, पीएचसी, जिला अस्पताल सहित अन्य जगह बनाए गए बूथों पर टीकाकरण हुआ।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि वैक्सीन की दो डोज लेना बहुत जरूरी है। टीका पूरी तरह सुरक्षित है, जरूरी है कि लोग टीके से जुड़ी अफवाहों से दूर रहें। उन्होंने लोगों से भी उत्साह के साथ निर्भीक होकर वैक्सीनेशन कराने की अपील की। सकारात्मक सोच रखें। दो गज की दूरी बनाए रखें। साथ ही मास्क लगाना और हाथ धोना भी जारी रखें।
एसीएमओ डॉ. सिंह ने कहा कि सभी लोग जल्द से जल्द टीका लगवा लें। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कराने के बाद भी कोरोना से सुरक्षा के उपायों का पालन करते रहें। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के बच्चे 12 से कम आयु के हैं, उनके लिए जंक्शन के सरकारी अस्पताल में अभिभावक स्पेशल बूथ लगाया गया है।
शिवानी ने बताया कि कोविड-19 का टीका लगवाया है। मुझे किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग वैक्सीन लगवाएं। उन्होंने कहा कि कड़ाई और दवाई दोनों बातों का ध्यान रखें। मास्क लगाना जारी रखें।