हाथरस: अलग-अलग समुदाय के युवक-युवतियों के पकड़े जाने के बाद थाना हाथरस गेट पर मौजूद भाजपा व विहिप क
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विश्व हिंदू परिषद और भाजपा के कुछ नेताओं की सूचना पर हाथरस गेट थाना पुलिस ने अलग-अलग समुदाय के एक युवक व युवती को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर यह युवती विवाहिता और नर्स निकली। काफी देर तक हाथरस गेट थाने में विश्व हिंदू परिषद व भाजपा के नेता मौजूद रहे। बाद में अलीगढ़ के सासनी थाने की पुलिस इन दोनों को अपने साथ ले गई। विश्व हिंदू परिषद के नेताओं ने इन दोनों के संबंध पर आपत्ति जताई है।
विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री अभिषेक रंजन आर्य को शनिवार की शाम को यह सूचना मिली दूसरे समुदाय का एक युवक दूसरे समुदाय की एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जा रहा है। यह सूचना उन्होंने पुलिस को भी दे दी। इस पर अलीगढ़ के निकट गांव रुहेरी पर पुलिस और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी पहुंच गए। इन्होंने वहां एक युवक और एक युवती को पकड़ लिया। यह दोनों स्कूटी पर सवार थे। पुलिस इन्हें थाना हाथरस गेट ले आई।
पुलिस ने जब पूछताछ की तो दोनों अलग-अलग समुदाय के निकले। युवती का यह कहना था कि वह अपनी मर्जी से इस युवक के साथ घूमने के मकसद से जा रही है। पूछताछ करने पर उसने पुलिस को अपने घर का पता बता दिया। वह अलीगढ़ के सासनी गेट थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और यह युवक भी वही पीतल की एक फैक्टरी में काम करता था। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी और साथ ही सासनी गेट थाना पुलिस को भी अवगत करा दिया। अलीगढ़ से थाना सासनी गेट पुलिस आई और दोनों को अपने साथ ले गई। इसके बाद युवती के परिजन भी हाथरस गेट कोतवाली पहुंचे।
वहां उन्होंने बताया कि युवती नर्स है और शादीशुदा भी है। उसके एक बच्चा भी है। उसका पति भी थाने पहुंच गया। पति ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले तीन वर्ष से उससे अलग अपने मायके में रह रही है। आखिर वह किसके साथ पकड़ी गई, इस बारे में उसे नहीं मालूम। इसके बाद परिवार वाले भी अलीगढ़ वापस चले गए। वहीं विश्व हिंदू परिषद के नेता अभिषेक रंजन आर्य, उनकी पत्नी संध्या आर्य के अलावा शिवशंकर गुलाटी का कहना था कि मथुरा का यह युवक इस युवती को फंसाकर ले जा रहा था। इस मामले में कोतवाली निरीक्षक हाथरस गेट चतर सिंह ने बताया कि दोनों सासनी गेट अलीगढ़ से भागे थे, इसलिए वहां की पुलिस इन्हें अपने साथ ले गई है।