न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत अब पात्र लाभार्थी खुद ही व्यक्ति शौचालय निर्माण के लिए आवेदन कर सकते हैं। शासन की ओर से अब यह सुविधा पोर्टल पर शुरू कर दी गई है। पोर्टल पर आवेदन के उपरांत पंचायतराज विभाग के अधिकारियों की ओर से पात्रता की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण इलाकों में रह रहे ग्रामीणों को व्यक्तिगत शौचालय बनाने के लिए अब खुद ही ऑनलाइन आवेदन करना होगा। शासन स्तर से अब लाभार्थियों के लिए यह सुविधा शुरू कर दी गई है। अब तक शासन स्तर से जिले को लक्ष्य निर्धारित भेजा जाता था। इसके सापेक्ष ही पात्रों को योजना का लाभ मिल पाता था। शासन ने अब व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए मिलने वाली धनराशि के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। आवेदक अपना आवेदन ऑनलाइन पोर्टल पर करेगा।
इसके बाद वह आवेदन जिले के पोर्टल पर आ जाएगा। जिला स्तर से इस आवेदन को जांच के लिए एडीओ पंचायत के माध्यम से संबंधित पंचायत सचिव को भेजा जाएगा। सचिव की रिपोर्ट पर इस आवेदन को शासन को भेजा जाएगा। जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) जीडी जैन ने बताया कि अब लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन से काफी सुविधा मुहैया होगी। लाभार्थी के खाते में सीधे धनराशि भेजी जाएगी। संवाद