न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
आधुनिक परिवेश में बढ़ते प्रदूषण और अव्यवस्थित दिनचर्या से लोग तेजी से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रस्त हो रहे हैं। हर व्यक्ति किसी न किसी तरह के तनाव से ग्रस्त है। योग ही ऐसा सुगम माध्यम है, जिससे इन सब समस्याओं का समाधान हो सकता है।
यह विचार योग प्रशिक्षक सुमित कुमार सिंह ने कस्बा स्थित केनरा बैंक रोजगार प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित शिविर में व्यक्त किए। आयुष सोसायटी और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार के निर्देशन में संचालित योग वेलनेस सेंटर और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के योग प्रशिक्षक योगाचार्य सुमित कुमार सिंह ने योग के मूल तत्वों से परिचय कराते हुए दिनचर्या में योग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को सूक्ष्म व्यायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, गरुड़ासन ,तितली आसन, शशांकासन, भुजंगासन, नाड़ी शोधन, भ्रामरी, भस्त्रिका, कपालभाति, त्राटक, मुद्राएं और ध्यान आदि का प्रशिक्षण दिया। केंद्र के निदेशक ने समापन सत्र में योगाचार्य का आभार जताया। इस मौके पर केंद्र के सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे। संवाद