न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आने वाले दिनों में बारिश का मौसम शुरू होने वाला है। इस कारण ईंट भट्टे बंद हो जाएंगे। श्रमिक घरों के लिए रवाना होंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। ईट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने भट्ठा एसोसिएशन से मजदूरों की सूची मांगी है। इस सूची के आधार पर जिला प्रशासन ट्रेन व बस की व्यवस्था करेगा। मजदूरों को घर पहुंचाने खर्चा ईट भट्ठा एसोसिएशन वहन करेगी। साथ ही भट्टा संचालकों को भुगतान का प्रमाण पत्र भी श्रम विभाग में जमा करना होगा।
उल्लेखनीय है कि हाथरस जिले में 80 ईंट भट्ठे हैं। इन पर करीब दो हजार श्रमिक कार्य करते हैं। अब बारिश शुरू होने के सार्थ इंट भट्ठे बंद होगे, इसलिए जिला प्रशासन ने अभी से इन श्रमिकों को घर पहुंचाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला प्रशासन ने मजदूरों के भुगतान का प्रमाण पत्र जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही सूची उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है।
सूची के आधार पर जिला प्रशासन मजदूरों के लिए ट्रेन और बस की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मजदूर अपने घरों को आसानी से पहुंच सकेंगे। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहम्मद आजम का कहना है ईट भट्ठों पर कार्य करने वाले मजदूरों को घर पहुंचाने के र्लिए इंट भट्ठा संचालकों से श्रमिकों की सूची व भुगतान का प्रमाणपत्र मांगा गया है, ताकि उन मजदूरों को आसानी से घर पहुंचाया जा सके। इसका खर्च एसोसिएशन वहन करेगी।