बिसावर पैंठ में सामाजिक दूरी का उल्लंघन कर खरीददारी करते लोग।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
बिसावर में अफसरों की अनदेखी कभी भी कोरोना संक्रमण को बढ़ावा दे सकती है। यहां लगने वाली पैंठ में सोशल डिस्टेंसिंग के आदेशों को हवा में उड़ा दिया गया है। यहां लोग भीड़ के रूप में एकत्रित होकर सामूहिक रूप से खरीददारी कर रहे हैं। शुक्रवार को कस्बा बिसावर में लगी पैंठ में इसी तरह का नजारा देखने को मिला। लोग सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने को लेकर बेपरवाह दिखे तो वहीं स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी यहां लॉक डाउन के नियमों का पालन कराने की जरूरत महसूस नहीं समझी।
गौरतलब हो कि ग्राम पंचायत बिसावर में शुक्रवार व मंगलवार साप्ताहिक पैंठ लगती है। इसमें पैठ करने के लिए करीब 85 गांवों के ग्रामीण आते हैं। पैंठ में सब्जी, कपड़ा, चप्पल, चाट आदि की दुकानें काफी तादाद में लगती हैं, लेकिन लॉकडाउन में सामाजिक दूरी और मास्क पहनने का पालन करना शासन द्वारा अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके, लेकिन यहां शासन के दिशा निर्देशों का पालन न तो लोग कर रहे हैं और न ही पालन कराने वाले पुलिस कर्मी या प्रशासन के लोग अपनी कोई जिम्मेदारी समझ रहे हैं। शुक्रवार को पैठ में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। सोशल डिस्टेंसिंग की पूरे दिन धज्जियां उड़ती रहीं। यहां दुकानदारों व ग्राहकों ने मास्क लगाना भी उचित नहीं समझा, लोग बिना किसी सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क की खरीददारी करते नजर आए। कई दुकानों पर तो यह आलम रहा कि आधे आधे घंटे बाद भी सामान लेने का नंबर नहीं आ सका। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि बिसावर में लगने वाली पैंठ में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा।