न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
वार्षिक लेखाबंदी के कारण बृहस्पतिवार को बैंकों व डाकघर में आम लोगों के काम नहीं हुए। काम के लिए पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। देर शाम तक कार्यालय खुले रहे। कर्मी कामकाज निपटाने में जुटे रहे।
उल्लेखनीय है कि होली के बाद बैंकें खुले तो वहां लेन-देन के काम निपटाने के लिए भीड़ उमड़ी। बैंकों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ। बृहस्पतिवार को स्टेट बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और मुख्य डाकघर के अलावा अन्य डाकघरों में वार्षिक लेखाबंदी का काम हुआ। इस कारण आम लोगों का कोई काम नहीं हुआ। लोग बिना काम के लौट गए।
देर शाम तक अधिकांश सरकारी व अर्द्ध सरकारी कार्यालय खुले रहे। एटीएम पर नकदी निकालने के लिए लंबी लाइन लगी रहीं। लोगों को नकदी पाने के लिए मुश्किलों से जूझना पड़ा। पोस्टमास्टर रामबाबू सिंह का कहना है कि वार्षिक लेखाबंदी के कारण शुक्रवार को भी आम लोगों का काम नहीं होगा। सिस्टम में सॉफ्टवेयर आदि बदलाव किए जाएंगे।