हाथरस: कोरोना संक्रमित की गली में लगाया गया बैरियर।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सीकनापान गली में कोरोना के संक्रमित के मिलने के बाद एक किमी के इलाके को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया है। घंटाघर, सीकनापान से जुड़े एक किमी के इलाके में अगले आदेश तक पूरी तरह से बंदी रहेगी। यहां बाजार नहीं खुलेगा। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी भी कर दी है।
कैंसर पीड़ित 63 वर्षीय टिंबर कारोबारी जब शुक्रवार को कोरोना संक्रमित पाया गया तो प्रशासन हरकत में आ गया। सीकनापान गली, घंटाघर का एक किमी का इलाका हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया। पूरे शहर में अब तक सुबह सात बजे से 11 बजे तक दुकानें खुल रही हैं, लेकिन अब इस इलाके में अगले आदेश तक पूरी तरह से बंदी रहेगी।
पुलिस ने इस इलाके की नाकाबंदी कर दी है और आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इलाके के लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग भी की जाएगी। इसके लिए भी डीएम ने निर्देश दे दिए हैं। सर्दी, जुकाम के लक्षण मिलने वाले लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।