न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
खर्चे के लिए रुपये मांगने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को फावड़े से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। जानकारी होने पर उसके मायके के लोग आ गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव वाहनपुर निवासी सोनू व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि सोनू आए दिन शराब के नशे में घर पर आता है। बृहस्पतिवार को भी ऐसा ही हुआ।
पत्नी ने खर्चे के लिए रुपये मांगे तो सोनू आग-बबूला हो गया और अपनी पत्नी के सिर पर फावड़ा दे मारा, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसकी शिकायत लेकर महिला थाने पहुंची। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।