संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
क्षेत्र के गांव सिखरा में शनिवार की शाम को संदिग्ध हालात में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उसका शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़वाकर महिला के शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी रामदास उर्फ रामशरण की 70 वर्षीय पत्नी फूलश्री के परिवार की पड़ोस रहने वाले एक परिवार से अनबन चल रही थी। शनिवार को एक पक्ष ने कोतवाली में फूलश्री के बड़े बेटे भरत सिंह उर्फ राकेश के खिलाफ किशोरी से छेड़छाड़ की एक तहरीर दी थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में जेल भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जब फूलश्री के पुत्र को पुलिस लेकर जा रही थी, तब फूलश्री ने पुलिस से उसके पुत्र को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने उसकी अनसुनी कर दी। पुलिस के जाने के बाद बुजुर्ग महिला रोती हुई घर आई और कमरे में बंद हो गई।
कुछ देर बाद उसके परिजनों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद जब परिवार की एक महिला ने दरवाजे की झरी से अंदर झांककर देखा तो उसकी चीख निकल गई। फूलश्री का शव फंदे से लटका हुआ था। मौके पर पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, जमानत पर आए उसके बड़े बेटे ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर पड़ोसियों के खिलाफ उसकी मां को हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि मृतका के बड़े पुत्र की दी गई तहरीर के मुताबिक मृतका के पड़ोसी राजकुमार, उसकी पत्नी, बेटी एवं बेटे के खिलाफ हत्या के लिए उकसाने ( 306 आईपीसी ) की धारा के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।