अस्पतालों के आवासों में जलभराव, नोटिस देने पहुंची टीम बैरंग लौटी
मलेरिया विभाग की टीम को देख जलभराव व गंदगी को झेल रहे लोगों का आया गुस्सा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिला अस्पताल परिसर में बने आवासों के बाहर भरे गंदे पानी को लेकर मलेरिया विभाग की टीम वहां पर नोटिस देने पहुंच गई। इस पर जब लोगों का गुस्सा गंदे पानी की निकासी न होने के कारण देखा तो टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
काफी लंबे समय से जिला अस्पताल परिसर के कर्मचारी आवासों में जल निकासी की समस्या है। जिसके कारण यहां पर रहने वाले परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अक्कर यहां पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
इधर जलभराव वाले स्थानों के आस-पास रहने वालों को मलेरिया विभाग द्वारा चिह्नित कर नोटिस थमाए जा रहे हैं, क्योंकि इस पानी में डेंगू, मलेरिया के मच्छा का लार्वा हो सकता है, इसलिए जलभराव नहीं होने देने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर ऐसा किया जा रहा है, लेकिन यहां पर मलेरिया विभाग की टीम और फिर नोटिस की बात सुनकर लोगों का पारा चढ़ गया। लोगों का विरोध देख टीम वापस लौट गई। सीएमओ बृजेश राठौर ने बताया कि अगर आवासों के पास गंदे पानी का रुकाव हो रहा है तो इसकी निकासी कराना वहां पर रह रहे लोगों की जिम्मेदारी है।