आज से तालाब चौराहा पर शुरू होगा विद्युत लाइन शिफ्टिंग का काम
मोहनगंज से लेकर अलीगढ़ रोड तक की जाएंगी की खुदाई
शिफ्टिंग न होने की वजह से अटका हुआ है ओबी निर्माण का काम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शहर में तालाब रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम बुधवार से फिर गति पकड़ेगा। आज से विद्युत लाइन की शिफ्टिंग का काम शुरू होगा। मोदीनगर की एक कार्यदायी संस्था इसकी शुरुआत करेगी। मोहनगंज से लेकर अलीगढ़ रोड तक ओवर ब्रिज की परिधि में इसके लिए खुदाई होगी। ट्रांसफार्मरों के लिए स्थान नियत कर लिए गए हैं। विद्युत लाइन शिफ्टिंग का काम दो माह में पूरा हो जाएगा।
शहर के तालाब चौराहा पर लोगों को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। बिजली लाइन शिफ्टिंग न होने के कारण करीब एक पखवाड़े से काम रुक गया था। अब यह काम फिर से गति पकड़ेगा। मंगलवार को मोदीनगर की कार्यदायी संस्था ने आगरा रोड व अलीगढ़ रोड पर ट्रंासफार्मरों के लिए स्थान नियत कर दिए। 33 केवीए की लाइन के लिए दो मीटर व 11 केवीए की लाइन के लिए डेढ़ मीटर के साथ-साथ एलटी लाइन के लिए डेढ़ मीटर खुदाई की जाएगी।
इन विद्युत लाइनों को अंडर ग्राउंड किया जाएगा। कार्यदायी संस्था के साइड सुपरवाइजर पवन गोस्वामी का कहना है कि लाइन शिफ्टिंग की खुदाई के दौरान यह ध्यान रखा जाएगा कि पानी व बीएसएनएल की लाइन क्षतिग्रस्त न हो। दो माह में लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा होगा। बुधवार से खुदाई का काम शुरू हो जाएगा।
आधे शहर में गहरा सकता है बिजली संकट
लाइन शिफ्टिंग की वजह से आधे शहर में बिजली संकट गहरा सकता है। इसकी वजह यह है कि 33 हजार केवीए व 11 केवीए की लाइन ओढ़पुरा बिजलीघर से आ रही है। इन लाइनों को अंडर ग्राउंड करने के दौरान आधे शहर में बिजली गुल होना भी तय है।