हाथरस : गांव मंस्या में आबादी के बीच भरा बारिश का पानी।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
पिछले दिनों से लगातार जारी बारिश ने ग्राम पंचायतों व उनके मजरों की हालत को बद से बदतर कर दिया है। गांव में जल निकासी न होने और नाली नालों से लेकर पोखरों पर अवैध कब्जे की वजह से बारिश का पानी सड़कों और आबादी के बीच भर गया है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिन इलाकों में जलभराव हुआ है, वहां के लोगों को न सिर्फ आवागमन में दिक्कत हो रही है, बल्कि बदबू के मारे बुरा हाल हो गया है। गंदे पानी के जमाव की वजह से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। गांव मंस्या में भी बारिश का पानी कई गली-मोहल्लों में भर गया है। इस वजह से यहां के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव निवासी मोहन सिंह आर्य ने जिलाधिकारी से मांग की कि गांव में संबंधित कर्मचारियों को भेजकर जल निकासी कराई जाए, जिससे ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सके। इसी तरह बिसावर के भी कई इलाकों में जल भराव होने से वहां के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी अरविंद चौधरी व अन्य लोगों ने समस्या के समाधान की मांग अफसरों से की है।