न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना से जिले में लगातार शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की मौत हो रही हैं। अब कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सादाबाद की वार्डन और सिकंदराराऊ विकास खंड के एक स्कूल में तैनात शिक्षिका की कोरोना से मौत हो गई। शिक्षिका के पति एटा में तैनात हैं और वह चुनाव ड्यूटी से लौटे थे। अब पति की भी हालत खराब बताई जा रही है। उनका वृंदावन में इलाज चलना बताया जा रहा है।
विकास खंड सिकंदराराऊ के प्राथमिक विद्यालय जिमिसपुर में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात रहीं शिक्षिका के पति एटा जनपद के जलेसर विकास खंड के एक स्कूल में शिक्षक के पद पर तैैनात हैं। बताया जा रहा है कि उनकी पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगी थी। चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद से ही वह बीमार हो गए। जांच में वह कोरोना संक्रमित पाए गए, जिसके बाद पत्नी की भी जांच कराई गई। वह भी संक्रमित पाई गईं। वृंदावन के एक अस्पताल में दोनों भर्ती हो गए।
बुधवार की देररात को इलाज के दौरान शिक्षिका की मौत हो गई, पति का उपचार जारी है। इनके अलावा सादाबाद के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन भी पिछले दिनों कोरोना संक्रमित हो गईं। उनका काफी दिनों से उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान वार्डन की भी मौत हो गई। लगातार हो रहीं मौतों से बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं में दहशत पैदा हो गई है। अब कुछ शिक्षक तो मतगणना में जाने से कतरा रहे हैं।