न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने डीएम के समक्ष यह पेशकश की है कि यदि जिले में ऑक्सीजन का प्लांट लगाया जाता है तो वह इसके लिए जगह के अलावा 10 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग करेंगे। उन्होंने डीएम को भेजे पत्र में सीएमओ पर कोरोना काल में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है।
डीएम को भेजे पत्र में नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा है कि अन्य स्थानोें की तरह हाथरस शहर में भी ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में नहीं हैं। उन्होंने कहा है कि सीएमओ इस दौरान गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं। पूर्व में सीएमओ को 25 वेंटिलेटर उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन सीएमओ ने उनको संचालित ही नहीं किया है। मरीजों को भर्ती भी नहीं किया जा रहा है। जिले में 300 से ज्यादा कोरोना के मरीज हैं, लेकिन सीएमओ ने ऑक्सीजन की सप्लाई के कोई प्रयास नहीं किए।
उन्होंने कहा है कि यदि इस जिले में ऑक्सीजन का प्लांट लगेगा तो यहां के लोगों को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलेगी और बीमार लोगों की जान बच जाएगी। नगर पालिकाध्यक्ष ने डीएम के समक्ष पेशकश की है कि यदि इस जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाता है तो वह इसके लिए जमीन देने को तैयार हैं। 10 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग वह खुद भी करेंगे और अन्य लोगों से भी कराएंगे।