न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ब्लॉक सासनी की ग्राम पंचायत गारवगढ़ी के ग्राम प्रधान को पद से हटा दिया गया है। प्रधान के खिलाफ वित्तीय अनियमितता सामने आई थी। जांच के दौरान विभाग ने प्रधान पर 45,244 रुपये की वसूली निकाली थी। धनराशि जमा न करने की स्थिति में यह कार्रवाई की गई है।
पिछले दिनों ब्लॉक सासनी की ग्राम पंचायत गारवगढ़ी में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत हुई थी। शिकायत पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने जांच कमेटी गठित की। कमेटी ने जांच में पाया कि ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों में अनियमितता पाई गई। विभाग की ओर से पंचायत सचिव, जेई व ग्राम प्रधान पर रिकवरी निकाली गई है।
ग्राम प्रधान शेर खां पर 45244 रुपये की रिकवरी निकाली गई। विभाग ने ग्राम प्रधान सहित दोनों अधिकारियों को रिकवरी की धनराशि जमा करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के क्रम में दोनों अधिकारियों ने रिकवरी की राशि जमा करा दी, लेकिन ग्राम प्रधान द्वारा धनराशि जमा नहीं की गई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान शेरखां को पद से हटा दिया गया है। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि उक्त ग्राम प्रधान को पद से हटा दिया गया है और नए कार्यवाहक प्रधान की कार्रवाई की जाएगी।