न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अलीगढ़ में शराब के पीने से हुई मौतों के बाद यहां जिला प्रशासन व आबकारी विभाग और सतर्क हो गया है। शासन के आदेश के बाद डीएम रमेश रंजन के निर्देश पर जिले में शराब की दुकानों का निरीक्षण किया गया और मौके पर मौजूद स्टॉक का बार कोड के जरिये मिलान किया गया।
अलीगढ़ में जहरीली शराब के पीने से हुई मौतों के बाद शासन स्तर से सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। सभी जिलाधिकारियों को प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीमें बनाकर शराब की दुुकानों की चेकिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं मिलावटी शराब का कारोबार करने वाले लोगों पर शिकंजा कसने को भी कहा गया है। नजदीकी जिले में हुई घटना के बाद यहां आबकारी विभाग सतर्क हो गया।
डीएम के निर्देश पर सभी तहसीलों में आबकारी विभाग के अधिकारी व पुलिस विभाग के अधिकारियों ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसके तहत शहर में मंडी समिति के निकट अंग्रेजी शराब की दुकान, तालाब चौराहे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का एसडीएम अंजली गंगवार व जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद स्टॉक का भी मिलान किया गया। बार कोड के जरिये शराब के स्टॉक की जानकारी ली गई। इस मौके पर आबकारी निरीक्षक विपिन मैनवाल भी मौजूद रहे।