न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
वन महोत्सव के तहत हुए पौधरोपण में कितनी लापरवाही हुई है, इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव टटी डंडिया-बरतर खास मार्ग पर पौधरोपण में हीलाहवाली की गई है। इस कारण यहां पौधे नष्ट भी हो गए हैं। एक किसान ने वीडियो बनाकर व्हाट्स एप ग्रुपों पर शेयर किया है। वन विभाग के अधिकारी इस पौधरोपण से पल्ला झाड़ रहे हैं। वह दूसरे विभाग का बता रहे हैं। पौधरोपण भी विभागों के बीच में फुटबॉल बना हुआ है। किसान ने लापरवाही करने वाले पर जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि वन महोत्सव के तहत बीते पांच जुलाई को जिले में 16 लाख 99 हजार पौधों का रोपण किया गया। जिले के 23 विभागों ने इसमें सहयोग किया। अब पौधरोपण की मॉनिटरिंग की जा रही है। सभी से जीओ टैगिंग की रिपोर्ट मांगी जा रही है। वहीं एक किसान ने टटी डंडिया-बरतर खास मार्ग पौधरोपण में हुई हीलाहवाली का पांच मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
इस संबंध में वन विभाग के वीआर ओझा का कहना है कि वह पौधरोपण हमारे द्वारा नहीं किया गया है। वह पीडब्ल्यूडी का है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन आंनद कुमार से बात की गई तो उनका कहना था कि हमारे द्वारा लिहा आलमपुर मार्ग पर पौधरोपण किया गया है। इस मार्ग पर पौधरोपण नहीं किया गया है।