न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के एक राशन डीलर की खाद्यान्न वितरण में घटतौली किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसे लेकर खासी चर्चाएं रहीं। अधिकारी अभी इससे अनजान हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसके वीडियो में एक राशन डीलर द्वारा प्रति यूनिट पर साढ़े चार किलो खाद्यान्न दिए जाने की बात की जा रही है। यह वीडियो किसी कार्डधारक द्वारा बनाया गया है। कार्डधारक ने इस वीडियो में राशन डीलर द्वारा प्रति यूनिट कितना खाद्यान्न दिया जा रहा है, इस बारे में भी पूछा है।
वीडियो वायरल होने के बाद चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) ध्रुवराज यादव ने बताया कि वीडियो वायरल के मामले में जानकारी नहीं है, लेकिन अगर ऐसा कोई वीडियो वायरल हुआ है तो उसकी जांच कराकर संबंधित राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद