न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की शिक्षिकाओं का सत्यापन हो रहा है, जिसमें यह बात निकलकर आई है कि वर्ष 2010-11 के शैक्षिक सत्र की 63 में से 13 शिक्षिकाओं की पत्रावलियां मिल नहीं रहे हैं। इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह पत्रावलियां डायट में रखी हुई थीं, आखिर पत्रावली कहां गईं, इसे लेकर विभागीय अधिकारी जांच में जुटे हैं।
जनपद में वर्ष 2005-06 से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का संचालन हो रहा है। यह विद्यालय पूर्व में डायट परिसर में संचालित होते थे। डायट में ही इनके नियुक्त शिक्षिकाओं का रिकॉर्ड रहता था। वर्ष 2010-11 में जिले के छह कस्तूरबा विद्यालयों मं कुल 63 का स्टाफ था, उस वक्त सारा रिकार्ड डायट में ही था, लेकिन अब इसी सत्र की 13 शिक्षिकाओं की नियुक्ति से संबंधित पत्रावलियां गुम हो गई हैं। इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि शासन द्वारा कस्तूरबा विद्यालय की शिक्षिकाओं का सत्यापन कराया जा रहा है।
इन 13 शिक्षिकाओं की नियुक्ति से संबंधित पत्रावलियां कहां गईं, इस संबंध में जानकारी की जा रही है, ताकि उनका सत्यापन हो सके। -मनोज कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।