हाथरस : हादसे में घायल ग्राम विकास अधिकारी का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
सादाबाद-जलेसर मार्ग पर सोमवार की देर शाम हुए हादसे में घायल सादाबाद के विनोबा नगर निवासी 44 वर्षीय ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) प्रदीप कुमार गौतम की मंगलवार की दोपहर को आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि यह वीडीओ सोमवार की शाम को साढ़े पांच बजे ब्लॉक पर कार्य समाप्त करने के बाद बाइक से सादाबाद जा रहे थे। गांव पीहुरा के पास सामने से आती हुए एक स्वफ्टि कार असंतुलित होकर उसकी बाइक से टकरा गई, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़े। उसी समय उसके पीछे आ रहे एक पंचायत सचिव ने घायल वीडीओ के परिजनों एवं पुलिस को सूचना दी।
परिजन उसे इलाज के लिए आगरा ले गए, वहां मंगलवार की दोपहर को उनकी मौत हो गई। उससे पहले आगरा ब्लॉक में तैनात सभी ग्राम पंचायत सचिव उनका हालचाल जाने के लिए पहुंच गए थे। इससे पहले 10 जून 2021 को उनकी बहन एवं 11 अगस्त 2021 को उनकी मां का देहांत हो चुका था। एक वर्ष के अंदर हुई तीन मौतों ने पूरे परिवार को हिलाकर रख दिया। समाचार लिखे जाने तक पूरे परिवार को उनके शव के आने का इंतजार था।
उनकी मौत की सूचना से पूरे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सोमवार की देर रात को कोतवाली में मृतक की बहन ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है, जिसमें चालक पर लापरवाही से कार चलाकर दुर्घटना करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने देर रात ही मुकदमा दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया। संवाद