संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कस्बे की सब्जी मंडी स्थित एक बर्तन विक्रेता की दुकान पर प्रेशर कुकर बदलने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। ग्राहक और विक्रेता में जमकर नोकझोंक हुई। मौके पर काफी दुकानदार एकत्रित हो गए। पुलिस भी पहुंच गई, जिसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पर पहुंच गए।
मुख्य बाजार स्थित सब्जी मंडी में राजकुमार बंसल की बर्तन की दुकान है। दो-तीन दिन पहले मथुरा रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार दुकान से प्रेशर कुकर ले गए थे, लेकिन उसमें कुछ खराबी की वजह से रविवार को वह उसे बदलने के लिए दुकान पर पहुंचे थे, जबकि दुकानदार का कहना था कि प्रेशर कुकर का उपयोग कर लिया गया है तो वह उसे कैसे बदल दे।
इस बात को लेकर दोनों में नोकझोंक हो गई। मौके पर काफी दुकानदार भी आ गए। दोनों पक्षों के लोग व कई दुकानदार कोतवाली पर पहुंच गए और वहां पुलिस के समक्ष दोनों ने मौखिक रूप से अपनी बात रखी, जिसके बाद कस्बा इंचार्ज जोगेंद्र यादव द्वारा दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर प्रेशर कुकर बदलवा कर मामले को शांत कराया गया।