न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली मुरसान क्षेत्र के मथुरा हाथरस रोड स्थित करवन नदी के पुल से एक कार टकरा गई, जिससे उसमें सवार जेई की मौत हो गई और उसका मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। जेई की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। तीन साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।
जनपद अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव मई निवासी देवेंद्र सिंह (33 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में जेई के पद पर तैनात थे। वह अपनी मौसी के बेटे सचिन पुत्र परमाल सिंह निवासी जाबरा थाना मांट मथुरा के साथ कार में सवार होकर हाथरस से अपने गांव मई लौट रहे थे। हाथरस से लौटते वक्त रात करीब 10:00 बजे जैसे ही मथुरा रोड पर करवन नदी के निकट इनकी कार पहुंची तो कार का टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर नदी के पुल से टकरा गई।
कार में सवार देवेंद्र व सचिन बुरी तरह से जख्मी हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर देवेंद्र को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया और सचिन को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों की भीड़ लग गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए।